आप ने चौंकाया, किन्नर और अभिनेत्री को उतारा मैदान में

भोपाल:03 अक्टूबर,(राजेन्द्र पराशर ) आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की जारी दूसरी सूची में किन्नर और फिल्म अभिनेत्री को भी मैदान में उतारा है। किन्नर चंदा को बडामलहरा से और अभिनेत्री चाहत पांडे को दमोह से प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रत्याशियों को लेकर आम आदमी पार्टी फिर सुर्खियों में आ गई हैं।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर लंबे समय से आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों को लेकर मैदानी जमावट में जुटी है। अब तक पार्टी ने प्रत्याशियों की दो सूची जारी कर दी है। सोमवार को आप ने 29 प्रत्याशियों की जारी की सूची में एक बार फिर दो स्थानों

पर चौंकाने वाले नाम दिए है। पार्टी ने बड़ामलहरा से चंदा किन्नर को मैदान में उतारा है। जबकि दमोह विधानसभा सीट से अभिनेत्री चाहत पांडे को टिकट दिया है।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने अब तक प्रदेश में दो सूची जारी कर 39 प्रत्याशी तय कर दिए हैं। वर्तमान विधानसभा में उसका कोई भी विधायक नहीं है। इस बार चुनाव में पार्टी ने सभी 230 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारने का फैसला किया है।
शबनम मौसी जीत चुकी हैं चुनाव
मध्यप्रदेश का इतिहास गवाह है कि प्रदेश में एक किन्नर विधायक के रूप में निर्वाचित हो चुका है।1998 के विधानसभा चुनाव में किन्नर शबनम मौसी जीतकर विधानसभा पहुंची थी। उनकी जीत ने सभी को चौंका दिया था। वे शहडोल-अनुपपुर जिले के सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचने वाली पहली और आखिरी किन्नर थी। उनके बाद अब तक कोई भी किन्नर विधानसभा नहीं पहुंचा है।