# Tags

लोकसभा चुनाव के लिए मोर्चा की जिम्मेदारी तय,हर मोर्चा के होंगे दो बड़े सम्मेलन, मोदी, शाह, नड्डा करेंगे संबोधित

पीपीएम ब्यूरो

भोपाल। प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत के साथ विजय हासिल करने के लक्ष्य को सबसे आगे रख रही है। पार्टी ने अपने सातों मोर्चा की जिम्मेदारी तय कर दी है। प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में बड़े स्तर पर लोकसभा चुनाव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत हारी हुई सीटों पर वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए अलग-अलग मोर्चों के कार्यक्रम किए जाएंगे।
प्रत्येक मोर्चा के 25-25 हजार कार्यकर्ताओं के दो बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आमंत्रण देने भाजपा कार्यकर्ता पीले चावल लेकर घर-घर जाएंगे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा है कि सभी मोर्चा समाज को जोड़कर पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ाने का काम करें। जबकि सीएम यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो सीटें भाजपा हारी है, वहां और सक्रियता बढ़ाने और डबल इंजन सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर लोकसभा में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए प्रयास करें।
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के मत प्रतिशत को और बढ़ाना है, इसके लिए अभियान चलाएं। मोर्चा पदाधिकारी विकसित भारत एंबेसडर बनाने का अभियान चलाकर नए लोगों को नमो एप से जोड़ें। युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए नव मतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा क्षेत्र में सभी मोर्चा विकसित भारत एंबेसडर बनाने के लिए अभियान चलाकर नए लोगों को जोड़ें, नमो मित्र, नमो वैरियर्स बनाने के कार्य को प्राथमिकता से करें।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Send this to a friend