बड़े बहुमत के साथ प्रदेश में फिर बनेगी भारतीय जनता पार्टी की सरकारःकैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह
सागर:प्रदेश में एक बार फिर बड़े बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।भाजपा के पास प्रदेश को आगे ले जाने का विजन।साल के 12 महीने सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। पार्टी के पास जननेता हैं। जल्द ही भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें इस विजन की झलक दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हम सागर संभाग की 26 सीटों में से अधिकांश पर जीत हासिल करेंगे।
कांग्रेस में चल रहा कपड़े फाड़ने का दौर
सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में टिकटों के बंटवारे के बाद पार्टी की अंदरूनी खींचतान सतह पर आ गई है और एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने का दौर शुरू हो गया है। मीडिया में कांग्रेस की सूचियों को लेकर खबरें आ रही हैं कि कमलनाथ कोटे से इतने और दिग्विजय सिंह के कोटे से इतने लोगों को टिकट दी गई है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के बाद मध्यप्रदेश में पार्टी को चला रहे कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच खींचतान और तेज हो गई है तथा झगड़ों की बाढ़ आ गई है। आपसी झगड़ों के चलते कांग्रेस पार्टी चुनाव अभियान में बुरी तरह पिछड़ गई है।
गरीब कल्याण और महिला सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता
सिंह ने कहा कि गरीब कल्याण, महिलाओं का सशक्तीकरण और आर्थिक सुदृढ़ीकरण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसके लिए केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों ने कई कदम उठाए हैं। भाजपा सरकार ने ही महिलाओं को पहली बार लोकसभा, विधानसभा सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल पास किया है। पंचायतों व नगरीय निकायों में महिला आरक्षण हम पहले से दे ही रहे हैं।
































































































































































































































































































































































































































































































































































