यह चुनाव बंटाढार करने वाली कांग्रेस, स्वर्णिम प्रदेश बनाने वाली भाजपा के बीचः विष्णुदत्त शर्मा

डॉ. संतोष पाटीदार
रीवा। मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव प्रदेश का बंटाधार करने वाली कांग्रेस और स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने वाली भाजपा के बीच है। प्रदेश की जनता जानती है कि 2003 से पहले दिग्विजयसिं की कांग्रेस सरकार ने किस प्रकार से प्रदेश को दुरावस्था के दौर में ढकेल दिया था। विंध्य क्षेत्र समेत पूरे मध्यप्रदेश की जनता बंटाधारयुग में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी के लिए परेशान थी और देश में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। लेकिन 2003 के बाद जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब मध्यप्रदेश में विकास के नये आयाम बने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रत्येक क्षेत्र का विकास हुआ है, लोगों की मूलभूत आवश्यकताओँ की पूर्ति के साथ ही उनकी जीवनशैली भी बेहतर हुई है। गरीब कल्याण के अभियान में गरीब का जीवन बदलने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, आयुष्मान योजना जैसी अनेक योजनाएं चलाई गई हैं।
भाजपा सरकारों के विकास को आगे बढ़ाना है
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गलती से 15 महीने की कांग्रेस की सरकार बनी थी, जिसने गरीबों के हक व अधिकार को छीनकर गरीब कल्याण की सभी योजनाओं को बंद कर दिया था और विकास को अवरूद्ध किया। लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और गरीब कल्याण की योजनाओं को प्रारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज प्रदेश में विकास की संकल्पना के साथ चुनावी मैदान में है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो काम किए हैं, उन विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। हर गरीब के जीवन में खुशी बनी रहे इसके लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को विजय का संकल्प लेकर चुनावी मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का ये उत्साह बता रहा है कि उन्होंने भाजपा को प्रचण्ड बहुमत से विजयी बनाने का मन बना लिया है। शर्मा ने कहा कि मैं त्योंथर विधानसभा के सभी उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को आश्वस्त करता हूं कि हम प्रत्येक बूथ पर पार्टी प्रत्याशी सिद्धार्थ तिवारी को प्रचंड जीत दिलाकर इतिहास रचेंगे।