कांग्रेस विधायक दूसरी बार शामिल हुए भाजपा में

सचिन बिरला ने ली भाजपा की सदस्यता
भोपाल:08 अक्टूबर,(राजेन्द्र पराशर) कांग्रेस विधायक सचिन बिरला ने आज फिर से भाजपा की सदस्यता ली है। आज वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी ष्शर्मा की उपस्थिति में अधिकृत रूप से भाजपा में शामिल हुए हैं। वैसे दो साल पहले खंडवा संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा कर वे भाजपा में ष्शामिल हो गए थे, मगर सदस्यता ना गंवानी पड़े इसके चलते भाजपा ने कभी इस बात की पुष्टि नहीं की थी कि वे भाजपाई हो गए हैं।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के पहले कांग्रेस और भाजपा में अंसतुष्ट नेताओं के दलबदल का दौर चल रहा है। खंडवा लोकसभा क्षेत्र की बड़वाह विधानसभा सीट के कांग्रेस विधायक सचिन बिरला को आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। नेताओं ने उन्हें भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया।
गौरतलब है कि सचिन बिरला ने लोकसभा उपचुनाव में मतदान के छह दिन पहले भाजपा के मंच को साझा किया था, जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री कमल पटेल भी मौजूद थे। उपचुनाव के प्रचार के लिए आयोजित सभा के लिए तैयार इस मंच पर सचिन बिरला ने भाजपा के विचारों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया था।
विधायकी बचाने बचते रहे बिरला

लोकसभा उपचुनाव के बाद कांग्रेस विधायकों ने दो बार सचिन बिरला की विधानसभा सदस्यता को समाप्त करने के लिए विधानसभा सचिवालय को पत्र लिखे थे, लेकिन तकनीकी कमियों की वजह से उन पर कार्रवाई नहीं की गई। आज तक सचिन बिरला कांग्रेस विधायक के रूप में विधानसभा के सदस्य हैं। अब विधानसभा का कार्यकाल दो महीने ही बचा है और ऐसे में सदस्यता समाप्त भी होती है तो न तो कांग्रेस को फर्क पड़ेगा और न ही भाजपा को फायदा होगा।