इंदौर में आयोजित होगी विश्व की सबसे बड़ी आत्मरक्षा कार्यशाला “रक्षम”

पीपीएम ब्यूरो
इंदौर।एनजीओ ज्वाला (वॉयस ऑफ वूमेन) द्वारा एक अनूठी पहल के तहत विश्व की सबसे बड़ी आत्मरक्षा कार्यशाला “रक्षम” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला निर्भया दिवस के अवसर पर 16 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएगी। “रक्षम” आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से 10 हजार महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा करने के उद्देश्य से एक अभूतपूर्व कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यशाला इंदौर को सिर्फ देश ही नही बल्कि विश्व स्तर पर एक नई पहचान दिलाते हुए विश्व रिकॉर्ड स्थापित करेगी।
ज्वाला संस्था की संस्थापक डॉ. दिव्या गुप्ता ने बताया कि अपनी स्वच्छता के लिए मशहूर इंदौर शहर अब सुरक्षा के मामले में नया मानक स्थापित कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े आत्मरक्षा कार्यक्रम की मेजबानी करते हुए, इंदौर एक सुरक्षित समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए हजारों लोगों को सशक्त बनाने जा रहा है। यह पहल सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं है बल्कि सुरक्षित कल की ओर हम सभी का एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि ज्वाला (वॉयस ऑफ वूमेन) संस्था का उद्देश्य भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं को आसानी से सुलभ संसाधनों के माध्यम से वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।